Patna News : हाजीपुर काजीपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर धोबघट्टी के पास रविवार की दोपहर दो बाइकों की जबरदस्त टक्कर हो गयी. हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.
डायल 112 की टीम ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मुजफ्फरपुर से जलाभिषेक के लिए निकले थे
घायलों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के करैला गांव निवासी विकास सहनी, अरविंद कुमार और विराज कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि तीनों कांवरिया रविवार को एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर से बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए पहलेजा घाट की ओर आ रहे थे. इसी दौरान धोबघट्टी के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गयी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों कांवरिया सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
