चकसिकंदर बाजार से SBI का एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश, सराय क्षेत्र से बरामद हुई मशीन

Hajipur News : हाजीपुर के चकसिकंदर बाजार में बेखौफ बदमाशों ने SBI ATM उखाड़ लिया. लग्जरी कार से आए 4-5 बदमाशों ने मशीन, सीसीटीवी और तार भी साथ ले गए. हालांकि, पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर सराय थाना क्षेत्र से ATM मशीन बरामद कर ली है.

Hajipur News : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र स्थित चकसिकंदर बाजार में गुरुवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का एटीएम उखाड़ लिया और अपने साथ ले गए. शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर एटीएम बूथ पर पड़ी तो घटना का खुलासा हुआ. सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

सराय क्षेत्र से बरामद हुई एटीएम मशीन

पुलिस सूत्रों के अनुसार, उखाड़ी गई एटीएम मशीन सराय थाना क्षेत्र के भगवानपुर के चंवर इलाके से बरामद कर ली गई है. हालांकि एटीएम में कितनी नकदी थी और उसमें से कितनी राशि बदमाश ले जाने में सफल हुए, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है. इस संबंध में बैंक के अधिकारी ही वास्तविक जानकारी दे सकेंगे.

सीसीटीवी कैमरा और तार भी साथ ले गए बदमाश

स्थानीय लोगों के अनुसार, बदमाश काफी शातिर थे. उन्होंने एटीएम मशीन उखाड़ने के साथ ही बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे और उसके तार भी काटकर अपने साथ ले गए. इससे पुलिस को घटना की जांच में अतिरिक्त चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

ATM की फाइल तस्वीर

घटना के समय आसपास मौजूद थे 4 से 5 बदमाश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात एटीएम की ओर से तेज आवाज आने पर आसपास के लोगों की नींद खुल गई. लोगों ने घरों की छत से देखा कि एक लग्जरी क्रेटा कार के पास चार से पांच बदमाश एटीएम मशीन के हिस्सों को वाहन में लोड कर रहे थे. स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी बदमाश मौके से फरार हो गए.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चकसिकंदर बाजार में तीन एटीएम केंद्र संचालित हैं, लेकिन किसी भी एटीएम पर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े बाजार में थाना स्तर पर केवल एक चौकीदार की ड्यूटी लगाई जाती है. जबकि चकसिकंदर पंचायत में दो चौकीदार पदस्थापित हैं, जिनमें से एक चकसिकंदर ओपी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत है. बताया जाता है कि ओपी में सरकारी चालक भी उपलब्ध नहीं है. घटना के समय चकसिकंदर ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार नाइट गश्त पर थे. वहीं, जिस स्थान के आसपास प्रतिदिन डायल-112 की पुलिस वाहन खड़ा रहता था, घटना के समय वहां पुलिस वाहन मौजूद नहीं था.

पहले भी एटीएम उखाड़ चुके हैं बदमाश

हाजीपुर में एटीएम उखाड़ने की यह पहली घटना नहीं है. दिसंबर 2019 में औद्योगिक थाना क्षेत्र की राजपूत कॉलोनी स्थित शंकर टॉकीज के पास एसबीआई का एटीएम उखाड़ लिया गया था. उस समय एटीएम में 16.63 लाख रुपये थे और बदमाश सीसीटीवी की हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए थे. इसके अलावा जुलाई 2025 में नगर थाना क्षेत्र के बागमली मोहल्ले में भी एसबीआई का एटीएम स्कॉर्पियो सवार बदमाश उखाड़कर ले गए थे. उस एटीएम में 13 लाख रुपये से अधिक नकदी मौजूद थी. बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद सोनपुर की ओर फरार हो गए थे.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. एटीएम बरामद होने के बाद बैंक अधिकारियों से मशीन में मौजूद नकदी की जानकारी ली जा रही है. साथ ही फरार बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छापेमारी एवं तकनीकी जांच जारी है.

Also Read : हाजीपुर में चकसिकंदर बाजार से SBI का ATM उखाड़ ले गए बदमाश, कुछ घंटों में बरामद हुई मशीन



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >