Hajipur News: वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के महनार बाजार स्थित स्टेशन रोड में रजिस्ट्री कार्यालय के समीप संचालित एक बंद होटल में चोरों ने सेंध लगाकर हजारों रुपये मूल्य के बर्तन चोरी कर लिये. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
10 दिनों से बंद था होटल
जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित ममता होटल के संचालक प्रमोद कुमार गुप्ता पिछले करीब 10 दिनों से पटना स्थित अपने होटल के संचालन के कारण वहां थे. इस दौरान महनार का होटल बंद था. रविवार की सुबह जब वे होटल पहुंचे और ताला खोलकर अंदर गये, तो रसोई से अधिकांश कीमती बर्तन गायब मिले.
होटल संचालक ने बताया कि चोरी हुए बर्तनों की कीमत करीब 20 से 25 हजार रुपये है.
करकट हटाकर होटल में घुसे चोर
आशंका जतायी जा रही है कि चोर होटल के पिछले हिस्से से करकट हटाकर अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये. घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है.
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की. महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. चोरी में शामिल बदमाशों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
