बिदुपुर में रील बनाने के चक्कर में हुआ सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 68 वर्षीय नाइट गार्ड गंभीर घायल

हाजीपुर-महनार मार्ग पर रील बनाने का जुनून एक 68 वर्षीय नाइट गार्ड पर भारी पड़ गया. तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने किशोरों को पकड़ा और सड़क सुरक्षा पर चिंता जताई.

हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर बिदुपुर कमालपुर के निकट मंगलवार को एक सड़क हादसे में रामदौली हाई स्कूल के 68 वर्षीय नाइट गार्ड विश्वनाथ पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया गया है कि रील बनाने के दौरान तेज रफ्तार बाइक चला रहे दो किशोरों ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

रील बनाते समय हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाजीपुर की ओर से आ रहे दो किशोर आर-15 बाइक पर लहरिया कट का वीडियो (रील) बना रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे विश्वनाथ पंडित की स्कूटी से उनकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वृद्ध नाइट गार्ड सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्राथमिक उपचार के बाद किया गया रेफर

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल विश्वनाथ पंडित को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिदुपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

लोगों ने दोनों किशोरों को पकड़ा

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक सवार दोनों किशोरों और उनकी बाइक को पकड़ लिया. पूछताछ में किशोरों ने बताया कि वे नवादा जिले के रहने वाले हैं और मथुरा स्थित अपनी नानी के घर जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया.

युवाओं में बढ़ रहा रील बनाने का जुनून

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाते हुए रील बनाने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >