पटना में मंगलवार को छात्रों पर हुए पुलिसिया बर्बरता और एआईएसएफ के सदस्यों पर हुई जानलेवा हमले के खिलाफ गुरूवार को छात्रों को गुस्सा फूट पड़ा. इस दौरान छात्रों ने समता महाविद्यालय के समीप छात्र-युवा संघर्ष के बैनर तले काला दिवस के तहत मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता एआईएसएफ के प्रखंड उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश कुमार एवं संचालन जिला कोषाध्यक्ष विकास कुशवाहा ने किया.
मौके पर अति पिछड़ा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उत्तम ठाकुर एवं एआईएसएफ के जिलाध्यक्ष सिक्किम कुमार ने कहा कि छात्र रोजगार मांग रहे है और पुलिस लाठियां बरसा रही है. पुलिस ने पुनः मंगलवार को पटना में निहत्थे छात्रों पर लाठियां बरसाई है और इसमें उसने अंग्रेजी हुकूमत को पीछे छोड़ दिया है.
उन्होंने कहा कि एनएसयूआई की राज्य उपाध्यक्ष भाग्य भारती एवं सोशल जस्टिस आर्मी के नेता गौतम आनंद अभी भी पीएमसीएच में इलाजरत है. उनके सर में गंभीर चोटे आई है. भाग्य भारती प्रदर्शन के दौरान बेहोश हो गई थी. इसके बावजूद उन्हें इमरजेंसी से निकाल जनरल वार्ड में डाल दिया गया और पुनः नाम काट कर अस्पताल से बाहर करने की साजिश जारी है. सोमवार को जिला प्रशासन से वार्ता के क्रम में छात्रों ने स्पष्ट कर दिया था कि उनका मार्च डाकबंगला चौराहा तक जाएगा. बावजूद प्रमुख छात्र नेताओं को साजिशन गिरफ्तार कर लिया गया.
जिला कोषाध्यक्ष विकास कुशवाहा ने कहा कि बिहार सरकार इसके बावजूद नहीं संभलती है तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा. मौके पर कांग्रेस नेता प्रदीप कुमार, रितेश कुमार, जितेंद्र कुमार, चंदन कुमार, कुंदन कुमार, चंदन शर्मा, आदर्श कुमार के अलावा दर्जनों छात्र मौजूद थे.
