लालगंज हादसा : दो गंभीर घायलों को पटना रेफर किया गया, पुल निर्माण साइट के सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

वैशाली के लालगंज में भारतमाला परियोजना के निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरने से 7 श्रमिक घायल हो गए. दो गंभीर लोगों को पटना रेफर किया गया है. प्रशासन ने जांच के आदेश दिए.

Vaishali Bridge Launcher Accident : वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र से एक बड़ी दुर्घटना हुई है. भारतमाला परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन एक बड़े पुल का भारी-भरकम लॉन्चर विस्थापित करने के दौरान अचानक असंतुलित होकर धाराशायी हो गया. इस दर्दनाक हादसे में वहां काम कर रहे सात निर्माण श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए. लॉन्चर गिरने के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. हालांकि, गनीमत यह रही कि इस बेहद गंभीर हादसे में किसी भी श्रमिक की जान नहीं गई.

लालगंज और जिला प्रशासन मुस्तैद, राहत कार्य तेज

घटना की भनक लगते ही लालगंज प्रखंड प्रशासन और वैशाली जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य का जिम्मा संभाला. लॉन्चर के मलबे और मशीनरी के बीच फंसे श्रमिकों को बाहर निकाला गया. प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस व वाहनों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई.

घायलों में कई राज्यों के मजदूर शामिल, दो की हालत नाजुक

मलबे की चपेट में आने से घायल हुए श्रमिकों में से पांच का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है. घायलों की पहचान रंजन कुमार निवासी बेगूसराय, अली इमाम निवासी पातेपुर, वैशाली, संदीप कुमार निवासी मुजफ्फरपुर, गुलशन निवासी पंजाब, संजीव कुमार निवासी ओडिशा के तौर पर हुई है.

चिकित्सकों के अनुसार, दो श्रमिकों की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई थी. गंभीर रूप से चोटिल राम भरोसे साह और प्रमोद चौधरी को प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने बेहतर और उच्चस्तरीय इलाज के लिए तत्काल पटना रेफर कर दिया है. आगे घटना से संबंधित खबरें ये खबरें भी पढ़ें...

वैशाली में भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा, दो की हालत गंभीर

वैशाली : लॉन्चर हादसे में पंजाब-ओडिशा के श्रमिक हुए घायल, DM-SP ने संभाली कमान

जांच के आदेश, निर्माण एजेंसी को सख्त अल्टीमेटम

इस घटना को लेकर वैशाली के जिला जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से घटनास्थल और घायलों के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है. जिलाधिकारी के निर्देश पर दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. जांच रिपोर्ट में जो भी खामी या लापरवाही सामने आएगी, उसी आधार पर आगे की दंडात्मक कार्रवाई तय की जाएगी.

इसके साथ ही, प्रशासन ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी को गंभीरता से लिया है. संबंधित निर्माण एजेंसी को कड़ा निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि वे निर्माण स्थल पर सुरक्षा गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करें और भविष्य में श्रमिकों की सुरक्षा‌ सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी पुख्ता इंतजाम करें, अन्यथा एजेंसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

NHAI ने कहा-सुरक्षा मानकों का रिव्यू किया जाएगा

वहीं घटना के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अपना बयान जारी किया है. बताया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139W (NH-139W) पर कराए जा रहे पुल निर्माण कार्य के दौरान लॉन्चर शिफ्टिंग की प्रक्रिया के समय एक अनपेक्षित घटना घटित हुई. इस घटना में पुल के स्ट्रक्चर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. घटना में कार्यस्थल पर मौजूद चार श्रमिक घायल हुए हैं. हादसे के तुरंत बाद सभी घायल श्रमिकों को त्वरित चिकित्सा सहायता हेतु नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका समुचित इलाज जारी है. परियोजना टीम द्वारा उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है.

NHAI परियोजना की उच्च गुणवत्ता, कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा और समयबद्ध निर्माण के प्रति पूर्णत प्रतिबद्ध है. भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >