तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आए दो लोग, गंभीर घायल को एक घंटे तक एंबुलेंस में करना पड़ा इंतजार

हाजीपुर स्टेशन रोड पर तेज रफ्तार बाइक ने दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रेफर किया गया, लेकिन अटेंडेंट न होने से एक घंटे तक एंबुलेंस में इंतजार करना पड़ा.

Road accident in Hajipur : महनार थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित कोल्ड स्टोरेज के समीप गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना डायल 112 की पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अज्ञात बाइक सवार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया.

पैदल जा रहे व्यक्ति को बाइक ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, टांडा चौरी वार्ड संख्या 14 निवासी चंदन राय पैदल स्टेशन रोड से गुजर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में चंदन राय और बाइक सवार युवक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. चंदन राय का सीएचसी में इलाज किया गया, जबकि अज्ञात बाइक सवार की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उसे सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया.

एंबुलेंस थी, लेकिन अटेंडेंट नहीं होने से फंसा मामला

गंभीर रूप से घायल युवक को सदर अस्पताल भेजने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध थी, लेकिन उसके साथ कोई अटेंडेंट नहीं था. इसी कारण एंबुलेंस चालक ने उसे हाजीपुर ले जाने से इनकार कर दिया. रेफर किए जाने के बाद घायल युवक करीब एक घंटे तक एंबुलेंस में ही तड़पता रहा.

अस्पताल में मौजूद लोगों के अनुसार, अज्ञात मरीज के साथ कोई परिजन या अटेंडेंट नहीं होने की स्थिति में उसे रेफर अस्पताल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही.

थानाध्यक्ष ने अस्पताल भेजे दो चौकीदार

मामले की जानकारी महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह को दी गयी. सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष ने दो चौकीदारों को अस्पताल भेजा. करीब 40 मिनट बाद चौकीदारों के अस्पताल पहुंचने पर एंबुलेंस चालक घायल युवक को सदर अस्पताल हाजीपुर ले जाने के लिए तैयार हुआ.

चिकित्सक ने बतायी अटेंडेंट की समस्या

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक प्रियरंजन कुमार ने बताया कि डायल 112 की टीम अज्ञात घायल युवक को अस्पताल लेकर आयी थी. प्राथमिक उपचार के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट पायी गयी और हालत नाजुक होने के कारण उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन मरीज के साथ कोई अटेंडेंट नहीं होने के कारण उसे किसके साथ भेजा जाए, यह समस्या उत्पन्न हो गयी.

चिकित्सक के अनुसार, डायल 112 की टीम मरीज को अस्पताल पहुंचाने के बाद वहां से चली गयी थी. इसके बाद महनार पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना मिलने के करीब 40 मिनट बाद दो चौकीदार अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद घायल युवक को सदर अस्पताल भेजा जा सका.

अज्ञात मरीज की इंट्री को लेकर चालक ने जतायी परेशानी

वहीं, एंबुलेंस चालक का कहना था कि अज्ञात और लावारिस मरीज के साथ अटेंडेंट नहीं होने पर सदर अस्पताल में उसकी इंट्री को लेकर समस्या होती है. इसी कारण ऐसे मरीजों को बिना अटेंडेंट ले जाने में चालक हिचकते हैं.

हादसे ने व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

घटना ने सड़क हादसे में घायल अज्ञात मरीजों को तत्काल बेहतर इलाज के लिए रेफर करने और उन्हें सुरक्षित तरीके से दूसरे अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हादसे के बाद पुलिस घायल को अस्पताल पहुंचाती है और अस्पताल गंभीर मरीज को रेफर करता है, लेकिन अज्ञात मरीज के साथ कोई अटेंडेंट नहीं होने पर उसे दूसरे अस्पताल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी होगी, इसे लेकर स्पष्ट व्यवस्था सामने नहीं आयी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >