Specific Railway Service Award: पूर्व मध्य रेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वर्ष 2026 में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया. समारोह का उद्घाटन पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान रेल सप्ताह समारोह पुस्तिका का विमोचन भी किया गया.
95 अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार
समारोह के दौरान महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, एजीएम अमरेन्द्र कुमार एवं अन्य अधिकारियों ने वर्ष 2026 के विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार के लिए कुल 95 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. मुख्यालय एवं पांचों मंडलों की कल्चर टीम ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया.
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 56 दक्षता एवं सर्वांगीण दक्षता शील्ड
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए विभागों और मंडलों के बीच कुल 56 दक्षता एवं सर्वांगीण दक्षता शील्ड प्रदान किए गए. समग्र क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य दक्षता के लिए वर्ष 2026 का महाप्रबंधक ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड धनबाद मंडल को दिया गया. वहीं, जीएम एफिशिएंसी रनर्स अप कप सोनपुर एवं डीडीयू मंडल को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया.
डीडीयू, नरकटियागंज और राजगीर को स्वच्छता शील्ड
पूर्व मध्य रेल में सफाई अभियान के लिए बड़े स्टेशनों की श्रेणी में डीडीयू जंक्शन को स्वच्छता शील्ड प्रदान किया गया. मध्यम श्रेणी के स्टेशनों में नरकटियागंज स्टेशन और छोटे स्टेशनों की श्रेणी में राजगीर स्टेशन को स्वच्छता शील्ड मिला. शिकायत निवारण में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए रेल मदद शील्ड समस्तीपुर एवं सोनपुर मंडल को संयुक्त रूप से दिया गया.
यात्री सुविधाओं और सुरक्षा पर जोर
समारोह के प्रारंभ में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से पूर्व मध्य रेल ने चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, संरक्षा, आधारभूत संरचना के विकास और राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं. उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों के आधुनिकीकरण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. कर्मचारी कल्याण पूर्व मध्य रेल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.
अधिकारी और रेलकर्मी रहे मौजूद
समारोह में दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना, धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र, समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा एवं सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन सहित मुख्यालय एवं पांचों मंडलों के अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, पूर्व मध्य रेल के मान्यता प्राप्त यूनियन के अधिकारी एवं सदस्य, बड़ी संख्या में रेलकर्मी और उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: Bihar Weather Alert: 9 अगस्त को बिहार के इन जिलों में बारिश, बिजली और तेज हवा की चेतावनी, IMD ने क्या बताया
