Hajipur News : हाजीपुर में सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जिला, अनुमंडल, प्रखंड, थाना और पंचायत स्तर पर जनता दरबार का आयोजन किया गया. विभिन्न स्तरों पर कुल 397 आवेदनों की सुनवाई कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गयी.
डीएम के जनता दरबार में पहुंचे 49 परिवाद
हाजीपुर समाहरणालय में जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान कुल 49 परिवाद प्राप्त हुए. जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं.
जमीन, शिक्षा और बिजली समेत कई विभागों से जुड़ी शिकायतें
जनता दरबार में राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा, पुलिस, अवर निबंधन, आवास, विद्युत, आपूर्ति, आईसीडीएस, आर्म्स, स्वास्थ्य, जीविका, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन और सामाजिक सुरक्षा समेत कई विभागों से संबंधित मामले सामने आए.
सात दिनों में कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी परिवादों पर सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर रिपोर्ट जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी.
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करना है. अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ मामलों का निष्पादन करने और तय समयसीमा का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें.
जनता दरबार में ये रहे मौजूद
जनता दरबार में सहायक समाहर्ता (प्रशिक्षु) अंकुर त्रिपाठी, अपर समाहर्ता वैशाली, अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला विकास पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे
