Hajipur Crime News : नगर थाना पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर के सहयोग से मंगलवार शाम बाजार समिति स्थित एक ट्रांसपोर्ट के पास छापेमारी कर 8,000 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की. बरामद कफ सिरप की कीमत करीब 13.87 लाख रुपये आंकी गयी है. पुलिस ने मौके से एक आरोपित को भी गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान जहानाबाद जिले के आदर्श कुमार के रूप में हुई है. पुलिस आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी है.
गुप्त सूचना पर ट्रांसपोर्ट के पास छापेमारी
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बाजार समिति स्थित एक ट्रांसपोर्ट से प्रतिबंधित कफ सिरप पिकअप वाहन पर लोड कर कहीं ले जायी जा रही है. सूचना मिलते ही जदूआ ओपी प्रभारी सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की. इस दौरान कफ सिरप के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया.
50 कार्टून में मिली 8 हजार बोतल
पुलिस ने हिरासत में लिये गये व्यक्ति से कफ सिरप से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई लाइसेंस या अन्य कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर संदीप साह को सूचना दी. मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर ने बरामद कफ सिरप की जांच की.
जांच में बिना लाइसेंस और कोडीनयुक्त मिली कफ सिरप
ड्रग इंस्पेक्टर की जांच में कफ सिरप बिना लाइसेंस और कोडीनयुक्त पायी गयी. इसके बाद पुलिस ने सभी कार्टून जब्त कर लिये. ड्रग इंस्पेक्टर संदीप साह ने बताया कि कुल 50 कार्टून से 8,000 पीस अनुज्ञप्ति रहित कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद हुई है. इसकी कीमत 13 लाख 87 हजार 520 रुपये है.
एनडीपीएस एक्ट में होगी कार्रवाई
पुलिस बरामद कफ सिरप को थाने ले गयी है. गिरफ्तार आदर्श कुमार से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिबंधित कफ सिरप कहां से मंगायी गयी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
