Vaishali News : नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी यूसुफपुर गांव में छापेमारी कर 15 ग्राम हेरोइन के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
घर में चल रहा था हेरोइन का अवैध कारोबार
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान बड़ी यूसुफपुर निवासी मनीष कुमार की पत्नी ललन कुमारी और संजीत कुमार की पत्नी शोभा कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों महिलाएं अपने घर से अवैध रूप से हेरोइन की खरीद-बिक्री कर रही हैं. सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके घर पर छापेमारी की.
15 ग्राम हेरोइन और 282 खाली डिब्बे बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के अंदर पलंग पर रखे एक पॉलीथिन से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की. हेरोइन छोटे-छोटे डिब्बों में पैक कर रखी गई थी. इसके अलावा घर से 282 खाली प्लास्टिक डिब्बे भी बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल मादक पदार्थ की पैकिंग में किया जाता था.
पूछताछ में सप्लायर का नाम आया सामने
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि वे वीरेंद्र पासवान के पुत्र पंकज कुमार से हेरोइन खरीदती थीं. इसके बाद उसे छोटे-छोटे डिब्बों में पैक कर अपने घर से बेचती थीं.
तीन आरोपितों पर केस, अन्य तस्करों की तलाश जारी
इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
