Hajipur News (कृत्यानंद सिंह) : महनार में शुक्रवार को पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई से पूरे बाजार में सनसनी फैल गई. पटना पुलिस ने महनार थाना पुलिस के सहयोग से गंगा रोड स्थित “हिरा आभूषण भंडार” में छापेमारी कर चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में दुकानदार पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान दुकान के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और दिनभर बाजार में इस घटना की चर्चा होती रही. जानकारी के अनुसार पुलिस ने दुकान संचालक सुबोध कुमार साह एवं उनके पुत्र सन्नी कुमार को हिरासत में लेकर अपने साथ पटना ले गई. बताया जा रहा है कि पुलिस लंबे समय से चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही थी. जांच के दौरान महनार के उक्त ज्वेलरी कारोबारी का नाम सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई.
चोरी के आरोपित को साथ लेकर पहुंची थी पुलिस
सूत्रों के अनुसार पटना पुलिस चोरी के एक आरोपित को भी अपने साथ लेकर महनार पहुंची थी. उसी की निशानदेही पर ज्वेलरी दुकान में छापेमारी की गई. हालांकि पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं. छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पहले भी लगते रहे हैं चोरी के गहने खरीदने के आरोप
महनार में चोरी अथवा लूट के स्वर्ण आभूषण खरीदने को लेकर पुलिस की यह पहली कार्रवाई नहीं मानी जा रही है. इससे पहले भी कई बार पुलिस ने आभूषण दुकानों में छापेमारी की थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से कुछ कारोबारियों पर औने-पौने दाम में चोरी के गहने खरीदने के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े नेटवर्क का खुलासा नहीं हो सका. इस घटना के बाद अब यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या बिना पहचान पत्र, खरीद रसीद और वैध दस्तावेज के गहनों की खरीद-बिक्री की जा रही थी। यदि ऐसा हो रहा था तो संबंधित विभागों द्वारा समय-समय पर जांच क्यों नहीं की गई.
तेजी से बढ़ी संपत्ति पर उठ रहे सवाल
गिरफ्तारी के बाद स्थानीय स्तर पर कारोबारी की तेजी से बढ़ी संपत्ति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. लोगों का कहना है कि कुछ ही महीनों पहले उक्त कारोबारी द्वारा करोड़ों रुपये की जमीन खरीदने की चर्चा पूरे क्षेत्र में रही थी. अब लोग इसकी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से दुकानदार के बैंक खातों, जमीन खरीद-बिक्री, आयकर विवरण, निवेश तथा अन्य चल-अचल संपत्तियों की जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि अवैध तरीके से अर्जित धन से संपत्ति बनाई गई है तो उस पर भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.
चोरी के गहनों का बाजार बढ़ा रहा अपराध
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चोरी के आभूषण खरीदने वाले कारोबारी अप्रत्यक्ष रूप से अपराधियों को बढ़ावा देते हैं. जब चोरों को आसानी से गहने बेचने का बाजार मिल जाता है, तब चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती हैं. इसका सबसे अधिक नुकसान आम परिवारों को उठाना पड़ता है, जिनकी जीवनभर की जमा पूंजी और महिलाओं के जेवर अपराधियों के निशाने पर रहते हैं. लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जाए. साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी के गहनों की खरीद-बिक्री किन माध्यमों से की जाती रही है.
Also Read : Saran News : बाइक सवार युवक हादसे का शिकार, इलाज के दौरान गई जान
