Hajipur News : वैशाली के पातेपुर विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र पासवान ने ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर क्षेत्र में लगे लगभग 800 कम क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों को उच्च क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों से बदलने का आग्रह किया है.
लो वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या उठाई
मंत्री ने पत्र में कहा कि पातेपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में स्थापित 16 केवीए और 25 केवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मर बढ़ती आबादी और बिजली की मांग के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं. इसके कारण लोगों को लो वोल्टेज, ट्रांसफॉर्मरों पर अत्यधिक भार तथा बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
63 और 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर लगाने का प्रस्ताव
उन्होंने ऊर्जा विभाग से मांग की है कि 16 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों को 63 केवीए तथा 25 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों को 100 केवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मरों से चरणबद्ध तरीके से प्रतिस्थापित किया जाए. उनका कहना है कि इससे बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर, सुचारु और भरोसेमंद होगी.
किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को होगा लाभ
मंत्री लखेन्द्र पासवान ने कहा कि बेहतर बिजली व्यवस्था का सीधा लाभ किसानों, विद्यार्थियों, छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को मिलेगा. साथ ही कृषि, शिक्षा और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी.
मजबूत विद्युत ढांचा विकास के लिए जरूरी
उन्होंने कहा कि पातेपुर विधानसभा के समग्र विकास के लिए मजबूत विद्युत आधारभूत संरचना आवश्यक है. उन्होंने उम्मीद जताई कि ऊर्जा विभाग जनहित से जुड़े इस प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को बेहतर और निर्बाध बिजली सुविधा उपलब्ध कराएगा. इसे भी पढ़ें : महुआ पुलिस ने देशी शराब लदी पिकअप वैन जब्त की, भाग निकला चालक और धंधेबाज
