hajipur news. सड़क सुरक्षा माह का उद्देश्य नियमों के प्रति संवेदनशील व जागरूक बनाना : डीटीओ

31 जनवरी तक चलेगा विशेष जागरूकता एवं वाहन जांच अभियान, परिवहन कार्यालय में दिलायी गयी सड़क सुरक्षा की शपथ

हाजीपुर. यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिले में सड़क सुरक्षा माह- 2026 का आयोजन किया जा रहा है, जो 31 जनवरी 2026 तक संचालित होगा. इस अवधि में जिले भर में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ विशेष वाहन जांच अभियान भी चलाया जायेगा.सचिव, राज्य परिवहन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में बिहार सड़क सुरक्षा परिषद के आदेशानुसार तथा डीएम वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जिला परिवहन कार्यालय, हाजीपुर में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गयी.

शपथ कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा सड़क पर संयमित एवं सुरक्षित व्यवहार रखने का संकल्प दिलाया गया. साथ ही सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्तियों की सहायता करने और उन्हें शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की गयी. कार्यालय परिसर में काउंसिलिंग सत्र के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गयी.

अलग-अलग थीम पर होंगे कार्यक्रम

इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह का उद्देश्य केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि लोगों को नियमों के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाना है. सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे. इसके अंतर्गत सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शपथ कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक एवं रैलियों का आयोजन किया जायेगा. इस अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पथ निर्माण विभाग, पेट्रोल पंप डीलर, ड्राइविंग स्कूल, स्वयंसेवी संगठन एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी.

राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जायेगा, जिसमें हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवर स्पीडिंग, फिटनेस, परमिट, प्रदूषण जांच तथा प्रेशर हॉर्न आदि की जांच की जायेगी. नियम उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार, मोटरयान निरीक्षक राकेश कुमार, रविकांत शर्मा, विकास कुमार शर्मा सहित सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >