Hajipur News : भगवानपुर में डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय में सोमवार को एनसीसी के वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. 02 बिहार बटालियन एनसीसी, मुजफ्फरपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रजत शर्मा और सूबेदार मेजर अश्विनी कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय के एनसीसी विंग का निरीक्षण किया. इस दौरान कैडेट्स ने अनुशासन, प्रशिक्षण और सैन्य दक्षता का प्रदर्शन किया.
कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
निरीक्षण के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने परमानेंट इंस्ट्रक्टर शोएब अख्तर के नेतृत्व में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रजत शर्मा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. ब्रिजेश सिंह ने कर्नल रजत शर्मा और सूबेदार मेजर अश्विनी कुमार सिंह को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया.
तीन कैडेट्स को मिली नई जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान कर्नल रजत शर्मा ने विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स के प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने सार्जेंट सत्यम कुमार को सीनियर अंडर ऑफिसर, जबकि सार्जेंट सिमरन कुमारी और कैडेट अभिषेक कुमार को अंडर ऑफिसर की रैंक प्रदान की.
नई जिम्मेदारी मिलने पर कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया.
युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करता है एनसीसी
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रजत शर्मा ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है. डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय के कैडेट्स का उत्साह और अनुशासन सराहनीय है. नई जिम्मेदारी पाने वाले कैडेट्स अपने नेतृत्व कौशल से अन्य कैडेट्स के लिए प्रेरणास्रोत बनें. कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट रिशु कुमार ने किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनसीसी विंग के प्रशिक्षकों और कैडेट्स की सक्रिय भूमिका रही.
