Nal Jal Yojana: (दिलीप कुमार) भदवास पंचायत में मुख्यमंत्री नल-जल योजना के बोरिंग पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए ग्रामीण ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के मंत्री संजय सिंह से शिकायत की है. आवेदन में बोरिंग को अतिक्रमण मुक्त कराकर ग्रामीणों को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की गई है.
सरकारी जमीन के बजाय निजी जमीन पर बोरिंग लगाने का आरोप
महुआ प्रखंड के भदवास पंचायत निवासी वनारस राय ने पीएचईडी मंत्री को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि भदवास गांव के वार्ड संख्या-1 में नल-जल योजना के तहत बोरिंग सरकारी जमीन पर लगाने का प्रस्ताव वार्ड सभा से पारित किया गया था. इसके बावजूद संबंधित विभाग के कनीय अभियंता, कार्यपालक अभियंता और संवेदक की कथित मिलीभगत से बोरिंग स्थानीय निवासी शंभू राय की निजी जमीन पर स्थापित कर दिया गया.
बोरिंग की चारदीवारी कर खेती करने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि निजी जमीन पर लगाए गए सरकारी बोरिंग के चारों ओर चारदीवारी कर दी गई है और वहां सब्जी की खेती की जा रही है. इससे ग्रामीणों को नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है और नल-जल योजना का लाभ प्रभावित हो रहा है.
निष्पक्ष जांच और अतिक्रमण हटाने की मांग
वनारस राय ने मंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बोरिंग को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा ग्रामीणों को नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है.
मंत्री ने जांच के दिए निर्देश
पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को अविलंब जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद के तमसी मोड़ पर दर्दनाक हादसा, 25 फीट गहरी नहर में पलटी स्कूली वैन, 14 बच्चे जख्मी
