Road Accident : लालगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी चिकित्सक डॉ. शशांक कुमार की सोमवार सुबह मुजफ्फरपुर में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
ड्यूटी के लिए मुजफ्फरपुर जा रहे थे डॉक्टर
मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. शशांक कुमार सोमवार सुबह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए मुजफ्फरपुर जा रहे थे. इसी दौरान चक्कर चौक के समीप सड़क पर बिखरी गिट्टी-बालू के कारण उनकी बाइक का चक्का अचानक फिसल गया. बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे डॉ. शशांक गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया गया कि हादसा इतना गंभीर था कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
आशा हॉस्पिटल में आईसीयू इंचार्ज थे
डॉ. शशांक कुमार लालगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी गणेश सिंह के पुत्र थे. वह मुजफ्फरपुर स्थित आशा हॉस्पिटल में चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे और अस्पताल में आईसीयू इंचार्ज की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. उनके निधन की खबर मिलते ही अस्पताल कर्मियों, परिचितों और गांव के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
दो साल पहले हुई थी शादी, कोई संतान नहीं
परिजनों के अनुसार, डॉ. शशांक कुमार मिलनसार और अपने कार्य के प्रति बेहद जिम्मेदार चिकित्सक थे. दो साल पहले ही उनकी शादी हुई थी और अभी उनकी कोई संतान नहीं थी. वह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे. उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रसूलपुर गांव में पसरा मातम
डॉ. शशांक का मुजफ्फरपुर में भी घर है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि उनका अंतिम संस्कार मुजफ्फरपुर में ही किया जाएगा. घटना के बाद रसूलपुर गांव में मातम पसरा है. बड़ी संख्या में लोग उनके पैतृक घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दे रहे हैं. चिकित्सक की मौत से पूरा गांव गहरे सदमे में है.
