वैशाली: महुआ में ईंट भट्ठा मुंशी हत्याकांड का खुलासा, नशा करने से रोकने पर की गई थी हत्या

हाजीपुर में नशे का विरोध करने पर मुंशी की हत्या कर दी गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, दूसरे की तलाश जारी है.

Hajipur News: महुआ थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव स्थित एक ईंट भट्ठा पर मुंशी के रूप में कार्यरत व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

संदिग्ध अवस्था में मिला था शव

पुलिस के अनुसार 25 जुलाई को महुआ थाना को सूचना मिली थी कि शाहपुर चकुम्मर गांव निवासी शीतल पासवान का शव लक्ष्मीपुर स्थित विजय चौरसिया के ईंट भट्ठा परिसर में संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही महुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया.

एफएसएल जांच में सामने आए आरोपी

एफएसएल टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से घटनास्थल की जांच की. जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर श्रवण कुमार और नितेश कुमार का नाम सामने आया.

इसके बाद वैशाली पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महुआ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम में जिला आसूचना इकाई और स्थानीय थाना पुलिस को शामिल किया गया.

पूछताछ में कबूला जुर्म

विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी नितेश कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. पुलिस की पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान नितेश कुमार ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है और घटना में शामिल होने की बात कबूल की है.

नशा करने से रोकने पर की हत्या

जांच में सामने आया है कि मृतक शीतल पासवान विजय चौरसिया के ईंट भट्ठा पर मुंशी के रूप में कार्यरत थे. आरोपी श्रवण कुमार और नितेश कुमार प्रतिदिन ईंट भट्ठा परिसर में आकर नशा किया करते थे.

मृतक शीतल पासवान लगातार इसका विरोध करते थे. घटना वाले दिन भी दोनों आरोपी नशा करने के लिए भट्ठा परिसर पहुंचे थे. जब शीतल पासवान ने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने मिलकर उनकी हत्या कर दी.

दूसरे आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में महुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. गिरफ्तार आरोपी नितेश कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं दूसरे नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Kumar

अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >