Mother and newborn die in Hajipur : हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के जिला स्तरीय पशु अस्पताल के समीप स्थित एक निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत से आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिजनों ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. घटना के बाद क्लीनिक परिसर में अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया.
मृतका की पहचान सदर थाना क्षेत्र के अकिलाबाद निवासी अमन कुमार की 25 वर्षीय पत्नी सोनाली कुमारी के रूप में हुई है. सोनाली सदर थाना क्षेत्र के ही मनुआ गांव निवासी शिवालक राय की पुत्री थीं और उनका मायका भी मनुआ गांव में था.
प्रसव पीड़ा के बाद कराया गया था भर्ती
जानकारी के अनुसार, प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद मायके के लोग सोनाली कुमारी को आनन-फानन में निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे थे. परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान अस्पताल कर्मियों की लापरवाही और मनमाने रवैये के कारण जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गयी.
मौत की खबर मिलते ही हंगामा
जच्चा-बच्चा की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों का सब्र टूट गया. उन्होंने क्लीनिक परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने पहुंचकर कराया शांत
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मोहन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. हंगामे के बाद परिजन शव को लेकर अपने गांव लौट गये.
लिखित आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
नगर थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि निजी क्लीनिक में जच्चा-बच्चा की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था. स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है. मृतका के मायके वाले ही उसे अस्पताल लेकर आये थे और मौत के बाद शव लेकर चले गये. पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक किसी की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
