vaishali News : लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से करीब 20 दिन पहले लापता हुई नाबालिग बच्ची का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि बच्ची को उसका जीजा इलाज कराने के बहाने अपने साथ ले गया और इसके बाद से वह लापता है. मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है.
इलाज के बहाने ले गया, फिर हुआ फरार
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके दामाद ने इलाज कराने का बहाना बनाकर नाबालिग पुत्री को अपने साथ ले गया. परिवार का कहना है कि आरोपी अपनी पत्नी को छोड़कर नाबालिग साली को लेकर फरार हो गया है.
20 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
परिजनों के अनुसार घटना के बाद उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका. उनका आरोप है कि लालगंज थाना में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद 20 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई.
एसपी से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित परिवार ने वैशाली के पुलिस अधीक्षक से बच्ची की सकुशल बरामदगी और आरोपी के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का कहना है कि समय बीतने के साथ उनकी चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.
पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
इस संबंध में सदर-2 डीएसपी गोपाल मंडल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर जल्द ही आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
