मक्के के खेत में खाद डालने गए किसान की करंट की चपेट में आने से हुई मौत

Hajipur News : फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत के आसपास बिजली का तार लगाया गया था. इसी दौरान वह बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें करंट लग गया.

Hajipur News : दिलीप कुमार की रिपोर्ट महुआ थाना क्षेत्र के ताजपुर राजो उर्फ भोरहा गांव में बिजली करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोरहा यादव टोला निवासी राम नेवाज राय के 50 वर्षीय पुत्र दिनेश राय शुक्रवार की शाम अपने मक्का के खेत में खाद डालने गए थे. बताया जाता है कि फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत के आसपास बिजली का तार लगाया गया था. इसी दौरान वह बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें जोरदार करंट लग गया.

करंट से घटनास्थल पर ही चली गयी जान

करंट लगने से किसान गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. देर शाम तक दिनेश राय के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की. इसी क्रम में जब लोग मक्का के खेत की ओर पहुंचे तो उनका शव पड़ा मिला. शव देखते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने में जुट गए.

मामले की जांच कराई जा रही

इस संबंध में पूछे जाने पर मिर्जानगर कनॉट विद्युत उपकेंद्र के कनीय विद्युत अभियंता मो. साबिर हुसैन ने बताया कि उन्हें इस घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है. फिर भी मामले की जांच कराई जा रही है.

Also Read : सीवान में अचानक तबीयत बिगड़ने से चौकीदार की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >