Hartalika Teej 2026: वैशाली जिले के महुआ नगर परिषद क्षेत्र सहित ग्रामीण इलाकों में हरितालिका तीज व्रत को लेकर सुहागिन महिलाओं में गजब का उत्साह देखा जा रहा है. 14 सितंबर को मनाए जाने वाले इस अखंड सुहाग के महापर्व की पूर्व संध्या पर महुआ का मुख्य बाजार पूरी तरह खरीदारों से पट गया है.
गांधी चौक, बाजार समिति रोड और विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थित कपड़ा, फल, आभूषण और पूजन सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे इलाके में त्योहारी रौनक अपने चरम पर पहुंच गई है.
साड़ी, फल और सोलह श्रृंगार की दुकानों पर जमकर खरीदारी
बाजार में सुहाग के प्रतीक सोलह श्रृंगार, चूड़ियां, बिंदी, मेंहदी, साड़ियों और पूजन के लिए पारंपरिक डलिया की दुकानों पर सबसे ज्यादा चहल-पहल देखी जा रही है. इसके साथ ही भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा के लिए फल, बेलपत्र, धतूरा, केला के पत्ते और प्रसाद सामग्री की मांग बढ़ गई है.
तीज पर्व के चलते दुकानदारों का व्यापार चमक उठा है. व्यापारियों का कहना है कि त्योहार को देखते हुए विशेष स्टॉक मंगाया गया था और सुबह से देर रात तक दुकानों पर ग्राहकों की कतार लगी रह रही है.
तीज कथा व पूजन के लिए पंडितों की एडवांस बुकिंग तेज
तीज व्रत के दिन सामूहिक और व्यक्तिगत पूजा कराने के लिए पंडितों और आचार्यों की मांग में भारी उछाल आया है. व्रत के दिन ऐन वक्त पर पुरोहितों की कमी न हो, इसके लिए कई परिवारों ने पहले से ही पंडितों की अग्रिम बुकिंग (एडवांस बुकिंग) करा ली है.
PHOTOS : सासाराम में तीज की तैयारी तेज, मेहंदी स्टॉलों पर सुहागिनों की लगी लंबी लाइन; बाजारों में बढ़ी चहल-पहल
महिलाओं का कहना है कि हरितालिका तीज पर विधिवत चौका सजाकर व्रत कथा सुनने का विशेष महत्व होता है, इसलिए पूजा-अर्चना में कोई विघ्न न आए, इसके लिए पहले से ही आचार्यों का समय निर्धारित करा लिया गया है.
बाजारों में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क
महिलाओं की भारी आवाजाही के चलते महुआ बाजार की मुख्य सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिल रहा है. भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में जाम की समस्या से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर निगरानी रखी जा रही है.
स्थानीय दुकानदारों ने भी ग्राहकों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं, ताकि महिलाएं निर्बाध रूप से अपनी खरीदारी पूरी कर सकें.
वैशाली: महुआ में जैविक और प्राकृतिक खेती पर प्रशिक्षण आज, मंत्री संजय सिंह करेंगे उद्घाटन
