वैशाली: महनार में चोरी और छिनतई गिरोह का खुलासा, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

महनार पुलिस ने चोरी और छिनतई करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से खिलौना पिस्टल और चोरी की बाइक बरामद की गई है.

Hajipur News: महनार थाना पुलिस ने चोरी, छिनतई और बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक बाइक, खिलौना पिस्टल, छर्रा और चोरी की वारदात के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपित हाल ही में महनार स्टेशन रोड स्थित एक किराना दुकान में हुई चोरी की घटना में भी शामिल थे.

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

बुधवार को महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि कुछ दिन पूर्व स्टेशन रोड स्थित मिथिलेश कुमार की रूदल किराना दुकान में चोरी हुई थी. दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर पुलिस ने टांडा चौरी निवासी सूरज कुमार को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर इशहाकपुर टेक निवासी विकास कुमार और रघुनंदन कुमार उर्फ कारू को भी दबोच लिया गया.

पूछताछ में स्वीकार की संलिप्तता

पुलिस ने तीनों आरोपितों से पूछताछ की तो उनके पास से एक खिलौना पिस्टल बरामद हुई. सख्ती से पूछताछ के दौरान तीनों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी के दौरान पहने गए कपड़े झाड़ियों से बरामद किए गए.

समस्तीपुर में वारदात की थी तैयारी

एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपित दोबारा बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे. प्रारंभिक जांच में इनके चोरी और छिनतई की कई घटनाओं में शामिल होने की बात सामने आई है. बीती रात भी तीनों समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र में छिनतई की घटना को अंजाम देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है. एसडीपीओ ने कहा कि हाल के दिनों में खिलौना हथियार का इस्तेमाल कर अपराध करने की घटनाएं बढ़ी हैं. ऐसे मामलों में अपराध की प्रकृति के अनुसार कड़ी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दूसरे दिन ही खुल गया चोरी का मामला

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किराना दुकान चोरी मामले का दूसरे ही दिन खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी उपलब्धि है. मामले में आगे की जांच जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >