वैशाली: महनार बाजार में जलजमाव से परेशानी, मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी; अस्पताल पहुंचना हुआ मुश्किल

महनार बाजार में जलजमाव की समस्या विकराल रूप ले चुकी है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. मुख्य सड़क पर घुटनों तक जमा गंदा पानी मरीजों और उनके परिजनों के लिए अस्पताल पहुंचना मुश्किल बना रहा है.

Hajipur waterlogging problem: महनार बाजार में जलजमाव की समस्या एक बार फिर लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. थाना मोड़ से मदन चौक तक मुख्य सड़क पर गंदा और बदबूदार पानी जमा है. रोजाना बाजार आने वाले हजारों लोगों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है.

अस्पताल के सामने सबसे खराब स्थिति

सबसे बदतर स्थिति महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने बनी हुई है. मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी जमा रहने से इलाज कराने आने वाले मरीजों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. अस्पताल तक पहुंचना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है.

हल्की बारिश में फिर तालाब बन जाती है सड़क

नगर परिषद की ओर से बीच-बीच में ट्रैक्टर लगाकर पानी निकालने का दावा किया जाता है. हालांकि, हल्की बारिश के बाद ही मुख्य सड़क फिर जलमग्न हो जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे स्पष्ट है कि जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं की गई है.

गंदे पानी से संक्रमण का खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बाजार में ऐसी स्थिति बनती है. गंदे पानी और दुर्गंध के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि अस्थायी तौर पर पानी निकालने के बजाय स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की जरूरत है.

स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जलजमाव की समस्या पर संज्ञान लेने की मांग की है. वहीं नगर परिषद से भी खानापूर्ति के बजाय जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गई है, ताकि बाजार और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आने वाले लोगों को इस समस्या से स्थायी रूप से राहत मिल सके.

इसे भी पढ़ें: Bihar Weather Alert: 9 अगस्त को बिहार के इन जिलों में बारिश, बिजली और तेज हवा की चेतावनी, IMD ने क्या बताया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >