Hajipur News: पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर के सभागार में क्षेत्रीय रेल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 87वीं समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार ने की, जबकि संचालन उप महाप्रबंधक (राजभाषा) केशव त्रिपाठी ने किया.
हिंदी में कार्य बढ़ाने पर दिया गया जोर
बैठक को संबोधित करते हुए अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि पूर्व मध्य रेल ‘क’ क्षेत्र में स्थित है, इसलिए यहां अधिकांश कार्य हिंदी में होता है. इसके बावजूद राजभाषा संबंधी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना आवश्यक है.
उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे आदेश, टिप्पणी और अन्य प्रशासनिक कार्य हिंदी में करें. इससे हिंदी के प्रयोग और प्रसार को बढ़ावा मिलेगा तथा अधीनस्थ कर्मचारी भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे.
सरल और सहज भाषा के प्रयोग की अपील
अपर महाप्रबंधक ने कहा कि हिंदी की व्यापकता और सार्थकता को सभी स्वीकार करते हैं. अब समय आ गया है कि दैनिक कार्यालयी कार्य हिंदी में किए जाएं और सरल एवं सहज शब्दों का प्रयोग हो, क्योंकि भाषा संवाद और अभिव्यक्ति का सबसे प्रभावी माध्यम है.
कार्मिक विभाग को मिला राजभाषा चलशील्ड पुरस्कार
बैठक के दौरान राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए कार्मिक विभाग को अंतर विभागीय राजभाषा चलशील्ड प्रदान की गई. यह पुरस्कार अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार द्वारा प्रदान किया गया.
राजभाषा के प्रचार-प्रसार पर चर्चा
मुख्य राजभाषा अधिकारी सह प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सविता गेडाम ने कहा कि राजभाषा के प्रयोग में दृढ़ इच्छाशक्ति की आवश्यकता है. कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां अतिरिक्त प्रयास कर हिंदी के प्रयोग और प्रसार को और बढ़ाया जा सकता है.
उप महाप्रबंधक (राजभाषा) केशव त्रिपाठी ने कहा कि राजभाषा का प्रभावी प्रचार-प्रसार आपसी सहयोग और सहभागिता से ही संभव है.
सफल प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
बैठक में पूर्व मध्य रेल के विभिन्न मंडलों, कारखानों और इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. इस अवसर पर क्षेत्रीय राजभाषा प्रतियोगिताओं में सफल अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया.
