वैशाली: सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ को जल चढ़ाने निकले डेढ़ लाख से अधिक कांवरिये, पहलेजा घाट से शुरू हुई यात्रा

सावन की दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर बाबा गरीबनाथ धाम के लिए कांवर यात्रा का अद्भुत नज़ारा दिखा. डेढ़ लाख से अधिक भक्तों ने पहलेजा घाट से गंगाजल भरकर अपनी यात्रा शुरू की, जो श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है. उनकी सेवा और सुरक्षा के लिए प्रशासन और स्वयंसेवकों द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.

Hajipur baba garibnath dham: शुक्रवार को उमड़ते-घुमड़ते बादलों और रिमझिम बारिश के बीच बाबा भोलेनाथ के भक्तों ने गंगाजल भरकर कांवर यात्रा शुरू की. सावन की दूसरी सोमवारी को जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवरिये पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम, मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए. बोल बम के नारे और भगवान शिव के जयघोष के साथ कांवरिये संकल्पित भाव से बाबा नगरिया की ओर बढ़ते रहे. बीच के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पड़ाव डालते हुए ये भक्त रविवार की रात तक मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे. सोमवार की अहले सुबह से बाबा गरीबनाथ स्थान पर जल चढ़ाना शुरू करेंगे.

हाजीपुर की सड़कों पर दिखा कांवरियों का कारवां

शुक्रवार की दोपहर बाद जब गंडकपुल रोड से शहर की ओर कांवर यात्रियों के जत्थे आने शुरू हुए तो वातावरण शिवमय हो उठा. शाम से रात तक जौहरी बाजार, त्रिमूर्ति चौक, गांधी चौक से डाकबंगला रोड होते रामअशीष चौक तक की सड़कों पर लगातार शिवभक्तों का कारवां गुजरता रहा.

कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा. कांवरियों की सेवा में जगह-जगह सामाजिक संगठनों के स्वयंसेवी जुटे रहे. बाबा गरीबनाथ धाम की यात्रा पर निकले कांवरियों में हर उम्र और वर्ग के श्रद्धालु शामिल हैं. इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और किशोर वय के लड़के-लड़कियां भी शामिल हैं.

जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए

शहर के जौहरी बाजार, गांधी चौक, डाकबंगला रोड, अनवरपुर चौक, स्टेशन चौक और दिग्घी आरओबी समेत अन्य स्थानों पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए युवा टोलियों ने स्टॉल लगाए हैं. यहां कांवरियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

पहलेजा घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सारण जिले के पहलेजा घाट धाम पर शुक्रवार को जलभरी करने के लिए बोलबम यात्रियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. घाट पर सुबह 10 बजे से कांवरिये पहुंचने लगे थे. करीब एक बजे दिन में पहला जत्था जल लेकर गरीब स्थान के लिए रवाना हुआ. इसके बाद बोलबम यात्रियों के प्रस्थान का सिलसिला शाम तक चलता रहा.

इससे पहले श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर तन-मन को शुद्ध किया और जलपात्र में गंगाजल भरा. वहां मौजूद पंडित और पुरोहितों ने गरीब स्थान पहुंचकर जलाभिषेक करने के लिए संकल्प पूजन कराया. श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का ध्यान किया और भूल-चूक के लिए क्षमा याचना की. इसके बाद आरती कर संकल्पित स्थान के लिए रवाना हो गए.

एक अनुमान के मुताबिक शुक्रवार को डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलभरी की.

कांवरियों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम

बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर भक्तों में उत्साह को देखते हुए जिला प्रशासन ने कांवरियों की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. शहर के गंडकपुल, अंजानपीर चौक, दिग्घी पुलिस लाइन और उसके आगे मुजफ्फरपुर की ओर जाने वाले मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है.

एनएच-22 पर बड़े वाहनों का परिचालन बंद कर हाजीपुर से मुजफ्फरपुर जाने-आने का रूट बदल दिया गया है. कांवरियों की सेवा और सहायता के लिए प्रशासन की ओर से शिविर भी लगाया गया है.

पेयजल और चिकित्सा की भी व्यवस्था

पीएचईडी की ओर से कई जगह पेयजल और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की गई है. आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी की है. किसी भी दुर्घटना से निबटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.

इसे भी पढ़ें: Bihar Weather Alert: 9 अगस्त को बिहार के इन जिलों में बारिश, बिजली और तेज हवा की चेतावनी, IMD ने क्या बताया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By देवेंद्र गुप्त

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >