Hajipur News: अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा की जिला कमेटी की बैठक में भूमिहीन गरीबों को वास-आवास, पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने, रोजगार समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया. जिले के सभी प्रखंडों में सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया. आंदोलन की तैयारी को लेकर 1 सितंबर को जंदाहा और 3 सितंबर को महनार के देशराजपुर में खेग्रामस की आमसभा आयोजित की जायेगी.
रामचौरा मंदिर परिसर में हुई बैठक
मंगलवार को नगर के रामचौरा मंदिर परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता खेग्रामस जिला सचिव रामबाबू भगत ने की. संचालन भाकपा माले के जिला कार्यकारी सचिव गोपाल पासवान ने किया.
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि खेग्रामस के राज्य सचिव शत्रुध्न सहनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को दिमागी नक्सल कहकर उनके सम्मान को ठेस पहुंचायी है. उन्होंने कहा कि संगठन युवाओं के साथ मजबूती से खड़ा है.
पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग
राज्य सचिव ने कहा कि जो गरीब जहां बसे हैं, सरकार को उन्हें 1948 पीपी एक्ट के आधार पर जमीन का पर्चा देना होगा. उन्होंने सभी भूदान यज्ञ कमेटी के पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि सरकार इन समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं करती है, तो खेग्रामस पूरे राज्य में आंदोलन को और तीखा करेगा.
गांव और पंचायत स्तर पर सभा करने की जिम्मेदारी
बैठक में जिला कमेटी के सदस्यों को अपने-अपने इलाके में गांव, टोला और पंचायत स्तर पर सभाएं करने की जिम्मेदारी दी गयी. साथ ही सभी प्रखंडों में सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया.
बैठक में पवन सिंह, रामबाबू पासवान, पवन राम, शत्रुध्न पासवान, रामप्रवेश भगत, अरविंद भगत, उमेश महतो, कृष्णा पासवान, नगीना महतो, नरेश दास समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
