हाजीपुर में रेलवे की नई खानपान नीति के खिलाफ लाइसेंसीज एसोसिएशन ने जताया विरोध

भारतीय रेलवे खानपान लाइसेंसीज वेलफेयर एसोसिएशन ने नई खानपान नीति के विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी है। जानें छोटे ठेकेदारों की समस्याओं के बारे में पूरी जानकारी।

Hajipur News : हाजीपुर में अखिल भारतीय रेलवे खानपान लाइसेंसीज वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों की विचार-विमर्श सभा आयोजित की गयी. सभा की अध्यक्षता एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामा रंजन सिंह ने की. इसमें पूर्व मध्य रेल के सभी मंडलों से करीब 58 सदस्यों ने हिस्सा लिया.

नये जीएम को दी गयी बधाई

सभा में पूर्व मध्य रेल के नये महाप्रबंधक डिंपी गर्ग को कार्यभार संभालने पर बधाई देने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया. अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामा रंजन सिंह ने एसोसिएशन के सदस्यों की ओर से नवागत महाप्रबंधक का अभिनंदन और स्वागत किया.

पुरानी खानपान नीति बदलने पर जतायी चिंता

सभा को वेबकास्ट के माध्यम से संबोधित करते हुए एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवींद्र गुप्ता ने कहा कि संगठन के सामने सबसे बड़ी चुनौती लाइसेंसीज के रोजी-रोजगार को बचाये रखना है. उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड ऐसी खानपान नीति लेकर आया है, जिससे वर्षों से काम कर रहे पुराने खानपान लाइसेंसीज का रोजगार प्रभावित होने की आशंका है. एसोसिएशन इस मामले में न्यायालय से स्थगन आदेश लेकर आया है.

कोर्ट में मजबूती से पक्ष रखने पर जोर

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मामले में न्यायालय के समक्ष मजबूती से पक्ष रखने के लिए एसोसिएशन के सभी सदस्यों को एकजुट रहना होगा. उन्होंने सदस्यों से संगठन की एकता को मजबूत करने और हर स्तर पर सहयोग करने की अपील की.

ट्रॉली और स्टॉल संचालकों का रोजगार बचाने की मांग

सदस्यों ने कहा कि रेलवे में वर्षों से छोटे ठेकेदार ट्रॉली, स्टॉल, खोमचा आदि के माध्यम से यात्रियों को सेवा देते आ रहे हैं. इन्हीं रोजगार के साधनों से वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं. सदस्यों ने आरोप लगाया कि नयी नीति से इन छोटे कारोबारियों के रोजगार पर भी संकट खड़ा हो सकता है.

हर स्तर पर संघर्ष का लिया संकल्प

सभा में सदस्यों ने कहा कि वर्षों पुराने रोजगार को बचाने के लिए एसोसिएशन को हर स्तर पर मजबूत किया जायेगा और जरूरत पड़ने पर संघर्ष किया जायेगा. सभा को रामा रंजन सिंह, अजय शंकर, शंभू कुमार उरांव, नंदेश कुमार सिंह, दीपक सिंह, शिवनाथ राय और सुरेंद्र राम सहित अन्य सदस्यों ने संबोधित किया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक शाश्वत

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >