हाजीपुर. काजीपुर थाना क्षेत्र के पहेतिया गांव में ससुराल आए एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के महंत मनियारी गांव निवासी नन्हकी सहनी के 35 वर्षीय पुत्र सुखलाल सहनी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही काजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात सुखलाल सहनी अपनी ससुराल, पहेतिया गांव आया था. बताया जा रहा है कि रात में पत्नी से विवाद होने के बाद, जब परिवार के सभी लोग सो गये, तो उसने फांसी लगाकर जान दे दी. गुरुवार की सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद रहा, तो परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, तो सुखलाल फंदे से लटका हुआ था. इसके बाद लोगों ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी. घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रूपेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही, मृतक के परिजनों को भी जानकारी दी गयी. मृतक के परिजन ससुराल वालों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगा रहे हैं. इस मामले में अब तक किसी ने पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
