Hajipur News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 11 जुलाई को प्रस्तावित हाजीपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसके साथ ही शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन और पार्किंग पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है.
गांधी चौक से राजेंद्र चौक तक रहेगा नो व्हीकल जोन
जिला प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार गांधी चौक से राजेंद्र चौक तक का मार्ग पूरी तरह नो व्हीकल जोन रहेगा. इस अवधि में इस मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.
वहीं, रामाशीष चौक से गांधी चौक तक चारपहिया और तीनपहिया वाहनों के परिचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा. इस मार्ग का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को रामाशीष चौक–अंजारपीर–गांधी चौक–रेलवे अंडरपास होकर वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करना होगा.
समाहरणालय और अक्षयवट स्टेडियम के पास नो पार्किंग व्यवस्था
Hajipur News : मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय के मुख्य द्वार और अक्षयवट स्टेडियम परिसर को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है. इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. प्रशासन ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है.
हेलीकॉप्टर लैंडिंग को लेकर हटाई गई हाईमास्ट लाइटें
मुख्यमंत्री के संभावित हेलीकॉप्टर आगमन को देखते हुए अक्षयवट स्टेडियम में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ सुनिश्चित करने के लिए स्टेडियम परिसर में खेल गतिविधियों के लिए लगाई गई दो हाईमास्ट लाइटों को अस्थायी रूप से हटा दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों हाईमास्ट लाइटों को दोबारा स्थापित कर दिया जाएगा.
स्टेडियम के आसपास की दो सड़कें भी अस्थायी रूप से बंद
वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अक्षयवट स्टेडियम के आसपास की दो सड़कों को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि इससे सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सुविधा होगी और कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी.
प्रशासन ने लोगों से मांगा सहयोग
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी किए गए रूट प्लान का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. प्रशासन ने कहा कि नागरिकों के सहयोग से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराया जाएगा.
Also Read : अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर हाजीपुर में प्रदर्शन, रेलवे को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
