सरकारी ड्राइवर बताकर शिक्षिका को फंसाया, शादी के बाद भी नहीं छोड़ा; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गोरौल में सरकारी ड्राइवर बनकर एक महिला शिक्षिका को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी ने शादीशुदा होने की बात छिपाई और तस्वीरों से किया ब्लैकमेल.

Hajipur Teacher Blackmail Case: गोरौल प्रखंड में तैनात एक महिला शिक्षिका को खुद को सरकारी ड्राइवर बताकर शादी का झांसा देने, दुष्कर्म करने और निजी तस्वीरों व वीडियो के सहारे ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. इस मामले में हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के महुआ मार्ग स्थित रामचंद्र नगर निवासी विजय कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.

शादीशुदा होने की बात छिपाने का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता 29 वर्षीय शिक्षिका मूल रूप से पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं और वर्तमान में गोरौल थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में पदस्थापित हैं. वह पटना से प्रतिदिन विद्यालय आती-जाती हैं.

पीड़िता का आरोप है कि 30 दिसंबर 2023 को विद्यालय के समीप विजय कुमार ने खुद को सरकारी ड्राइवर बताकर उनसे संपर्क किया था. आरोप है कि उसने अपनी वास्तविक वैवाहिक स्थिति छिपायी और यह भी नहीं बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है.

निजी तस्वीरों और वीडियो के सहारे धमकाने का आरोप

प्राथमिकी में शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उनके साथ संबंध बनाए और उनकी सहमति के बिना निजी तस्वीरें एवं वीडियो तैयार कर लिये. बाद में जब शिक्षिका को उसकी वास्तविक स्थिति की जानकारी हुई और उन्होंने संबंध खत्म करने का प्रयास किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी.

पीड़िता का आरोप है कि इसी धमकी के सहारे आरोपी ने कई बार उनके साथ जबरदस्ती की और मारपीट भी की.

शादी के बाद भी जारी रहा कथित उत्पीड़न

प्राथमिकी के अनुसार, शिक्षिका की 24 नवंबर 2025 को शादी हो गयी. आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा. शादी के अगले दिन 25 नवंबर 2025 से उसने कथित तौर पर शिक्षिका और उनकी बहन को परेशान करना शुरू कर दिया.

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उनकी बहन के व्हाट्सएप नंबर पर निजी तस्वीरें और वीडियो भेजे. इसके अलावा स्कूल के शिक्षकों को फोन और मैसेज करने तथा आसपास की दुकानों पर भी वीडियो दिखाने का आरोप लगाया गया है.

15 अगस्त को फिर भेजा वीडियो

पीड़िता के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को भी आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से उनकी बहन को वीडियो भेजा. लगातार मिल रही धमकियों और कथित उत्पीड़न के कारण पीड़िता और उनका परिवार भय और मानसिक तनाव में था.

इसके बाद पीड़िता ने हाजीपुर सदर थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ सुरक्षा की गुहार लगायी.

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें: नवादा में अपराध और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 34 आरोपित गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >