वैशाली: गुरु पूर्णिमा पर कौनहारा घाट में काशी की तर्ज पर हुई भव्य गंगा आरती, भक्तिमय माहौल में उमड़े श्रद्धालु

हाजीपुर के कौनहारा घाट पर गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर काशी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया.

Hajipur News: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को हाजीपुर नगर परिषद की ओर से पर्यटन विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और गंगा स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कौनहारा घाट स्थित नमामि गंगे घाट पर काशी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया. राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी), नई दिल्ली के निर्देश के आलोक में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को गंगा नदी से जोड़ना तथा घाटों के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को पुनर्जीवित करना था.

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई भव्य गंगा आरती

कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ हुई. हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, नगर परिषद सभापति डॉ. संगीता कुमारी, महाकाल बाबा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित किया. इसके बाद गंगा आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य गंगा आरती संपन्न करायी. शंखनाद, घंटियों की ध्वनि और आरती की दिव्य लौ से पूरा कौनहारा घाट भक्तिमय वातावरण में डूब गया. गंगा आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां गंगा की आराधना की.

गंगा संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी : विधायक

हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अत्यंत पवित्र पर्व है. गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं, इसलिए उनका संरक्षण और घाटों का विकास हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.

उन्होंने कहा कि सरकार और नगर परिषद के सहयोग से कौनहारा घाट को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है. आने वाले समय में यहां बनने वाला रिवरफ्रंट, गजेंद्र मोक्ष की भव्य प्रतिमा और अन्य विकास कार्य हाजीपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे.

कौनहारा घाट को प्रमुख पर्यटन स्थल बनाने का प्रयास

नगर परिषद सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा ज्ञान, आस्था और गुरु के प्रति श्रद्धा का पर्व है. ऐसे पावन अवसर पर मां गंगा की आरती का आयोजन हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है.

उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और सभ्यता की पहचान है. नगर परिषद का प्रयास है कि कौनहारा घाट को स्वच्छ, सुंदर और देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जाए. हमारा उद्देश्य है कि हाजीपुर का कौनहारा घाट श्रद्धालुओं को काशी और हरिद्वार जैसी दिव्य अनुभूति प्रदान करे तथा गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़े.

बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

गंगा आरती कार्यक्रम में समाजसेवी रामू कुमार सहनी, अरविंद कौशल, रंजन सिंह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जयपत पासवान, डॉ. सुशील, राजेंद्र कुमार बनफुल, हरी ओम, मिथिलेश तिवारी, केकी कृष्णा समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kaif ahmed

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >