व्यवसायी को गोली मारने के विरोध में बंद रहा गुदरी बाजार

नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हथसारगंज ओपी क्षेत्र के निषाद गली के पास बाइक सवार बदमाशों द्वारा व्यवसायी एवं उसके सहयोगी को गोली मारकर घायल करने के विरोध में व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर प्रदर्शन किया.

हाजीपुर. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हथसारगंज ओपी क्षेत्र के निषाद गली के पास बाइक सवार बदमाशों द्वारा व्यवसायी एवं उसके सहयोगी को गोली मारकर घायल करने के विरोध में व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर प्रदर्शन किया. आक्रोशित लोगों ने गुदरी रोड को राजेंद्र चौक के पास आगजनी कर सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. लोग पुलिस से बदमाशों की गिरफ्तारी, गुदरी रोड में गश्त बढ़ाने और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे थे. सड़क जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया और जाम हटवाया. मालूम हो कि रविवार देर रात नगर थाना अंतर्गत हथसारगंज ओपी क्षेत्र के हथसारगंज मोहल्ला निवासी अभय कुमार के पुत्र गोपाल कृष्ण अपने सहयोगी, गदाई सराय गांव निवासी अजय कुमार उर्फ सिपाही के साथ गुदरी रोड स्थित तेल और डालडा की होलसेल दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने निषाद गली के पास उन पर फायरिंग शुरू कर दी. इस गोलीबारी में एक गोली गोपाल कृष्ण को कमर के पास लगी, जबकि एक गोली बाइक पर पीछे बैठे सहयोगी अजय कुमार के हाथ की उंगली में लगी. बताया जाता है कि बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की थी. परिजन घायल को इलाज के लिए जौहरी बाजार स्थित एक नर्सिंग होम में ले गए. वहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया. दो घंटे से अधिक समय तक जाम रही सड़क इस घटना से आक्रोशित गुदरी रोड के व्यवसायियों ने सोमवार की सुबह अपनी दुकानें बंद कर विरोध जताया. लोगों ने सड़क पर आगजनी कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सड़क जाम और बाजार बंद की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर 48 घंटे में बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और बंद दुकानें खुलवाई गयी. परिजनों ने अब तक पुलिस को आवेदन नहीं दिया इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि व्यवसायी को गोली मारने के मामले में अब तक घायल के परिजनों ने किसी प्रकार का लिखित आवेदन नहीं दिया है. घटना का कारण क्या था, यह आवेदन मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस घायल का फर्द बयान दर्ज करने के लिए नर्सिंग होम गयी थी, लेकिन घायल की स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण बयान दर्ज नहीं किया जा सका. पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है. जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >