वैशाली में तेजी से बढ़ रहा गंगा और गंडक नदी का जलस्तर, लालगंज में खतरे के निशान से महज 29 सेंटीमीटर नीचे पहुंची गंडक

Hajipur river water level: वैशाली में भारी बारिश न होने के बावजूद गंगा और गंडक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. नेपाल और वाल्मीकिनगर बराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण तटीय इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ गई है. प्रशासन हालात पर पैनी नजर रखे हुए है.

Hajipur river water level: वैशाली जिले में स्थानीय स्तर पर भारी बारिश नहीं होने के बावजूद नेपाल और वाल्मीकिनगर बराज से छोड़े जा रहे पानी के कारण गंगा और गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. पिछले 12 घंटे के दौरान गंगा नदी का जलस्तर 15.83 मिलीमीटर प्रति घंटे और हाजीपुर में गंडक नदी का जलस्तर 5.89 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ा है. नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ने लगी है. प्रशासन भी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.

गंगा और गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा

बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार सुबह छह बजे रेवा में गंडक नदी का जलस्तर 53.65 मीटर, लालगंज में 50.21 मीटर और हाजीपुर में 46.70 मीटर दर्ज किया गया. वहीं पटना के गांधी घाट पर गंगा नदी का जलस्तर 45.57 मीटर मापा गया. बुधवार शाम छह बजे रेवा में गंडक नदी का जलस्तर 53.42 मीटर, लालगंज में 50.07 मीटर और हाजीपुर में 46.63 मीटर दर्ज किया गया था. वहीं गंगा नदी का जलस्तर 45.38 मीटर था.

12 घंटे में इतनी रफ्तार से बढ़ा जलस्तर

पिछले 12 घंटे के दौरान गंगा नदी का जलस्तर 15.83 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ा है. वहीं हाजीपुर में गंडक नदी का जलस्तर 5.89 मिलीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ा. लालगंज में गंडक नदी का जलस्तर 11.66 मिलीमीटर प्रति घंटे और रेवा में 19.16 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ा है.

अब भी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं दोनों नदियां

हालांकि दोनों नदियां अभी अपने खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं. गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 3.03 मीटर नीचे है. वहीं हाजीपुर में गंडक नदी 3.62 मीटर, लालगंज में महज 0.29 मीटर और रेवा में 0.76 मीटर खतरे के निशान से नीचे बह रही है. लालगंज और रेवा में गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है.

वाल्मीकिनगर बराज से लगातार छोड़ा जा रहा पानी

वाल्मीकिनगर बराज से लगातार बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है. गुरुवार को एक लाख 34 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया. बुधवार को एक लाख 94 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था. इस वर्ष अब तक सबसे अधिक दो लाख 24 हजार क्यूसेक पानी मंगलवार, 14 जुलाई को छोड़ा गया था. इसके अलावा सोमवार को एक लाख छह हजार 600 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था. प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने और नदी के जलस्तर से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की है.

बंटी यादव मर्डर केस: मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abhishek shaswat

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >