hajipur news. राघोपुर में गंगा किनारे चल रही देसी शराब की चार भट्ठियों को पुलिस ने किया ध्वस्त

ड्रोन से की गयी निगरानी, सुबह से दोपहर तक चला विशेष अभियान, छापेमारी के दौरान 10,400 लीटर जावा किया गया विनष्ट

राघोपुर. रूस्तमपुर थाना पुलिस ने उत्पाद विभाग और एएलटीएफ टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर गंगा नदी किनारे स्थित देशी शराब की चार भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. यह कार्रवाई जाफराबाद टोंक एवं बहरामपुर पंचायत के पुरुषोत्तमपुर दियारा क्षेत्र में की गयी. पुलिस ने इस दौरान वहां से बरामद करीब 10,400 लीटर कच्चा जावा नष्ट कर दिया, जबकि शराब बनाने के उपकरणों को आग के हवाले कर नष्ट किया गया. इस अभियान के दौरान पुलिस ने 15 प्लास्टिक ड्रम, 37 टिन ड्रम और अन्य उपकरण बरामद किए. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब धंधेबाज फरार हो चुके थे. इस संयुक्त कार्रवाई का नेतृत्व रूस्तमपुर थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने किया. छापेमारी अभियान रविवार की सुबह शुरू हुआ और दोपहर तक चला. गुप्त सूचना के आधार पर ड्रोन से निगरानी कर यह ऑपरेशन चलाया गया. थाना अध्यक्ष ने बताया कि जाफराबाद टोंक और पुरुषोत्तमपुर दियारा क्षेत्र में गंगा नदी किनारे अवैध रूप से देसी शराब भट्ठियां संचालित की जा रही थीं. इसकी गुप्त सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग एवं एएलटीएफ टीम के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की गयी. नदी किनारे देसी शराब निर्माण में लिप्त धंधेबाजों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा. इस अभियान में एएलटीएफ प्रभारी प्रेम राम, पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, निरंजन कुमार, उत्पाद विभाग के अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

मार्च में भी ध्वस्त की गयी थीं 200 से अधिक भट्ठियां

मालूम हो कि बीते मार्च माह में भी उत्पाद विभाग और स्थानीय थाना की टीम ने जाफराबाद टोंक दियारा क्षेत्र में 200 से अधिक देसी शराब की भट्ठियों को ध्वस्त किया था. उस अभियान में लाखों लीटर कच्चा जावा नष्ट किया गया था और हजारों लीटर तैयार देसी शराब बरामद की गयी थी. साथ ही बड़ी मात्रा में प्लास्टिक व टिन के ड्रम जब्त किये गये थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shashi kant kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >