Hajipur News: महुआ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 20 में बोर्ड की बैठक समेत अन्य कार्यों के लिए लाखों रुपये की लागत से बनाये गए नव निर्मित भवन का कार्यपालक पदाधिकारी ने मंगलवार की शाम औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक को कई निर्देश दिए.
जानकारी के अनुसार, सदापुर महुआ काली मंदिर के समीप निर्माण कराये गए भवन का ईओ सोनू कुमार राय ने औचक निरीक्षण किया. उन्होंने स्थानीय पार्षद से निर्माण कार्य को लेकर कई जानकारी ली तथा संवेदक को आवश्यक निर्देश दिए.
जगह की कमी को देखते हुए कराया गया भवन का निर्माण
विदित हो कि वर्तमान में नगर परिषद का कार्यालय महुआ सिंहराय पंचायत भवन में चल रहा है. जगह की कमी के कारण बोर्ड की बैठक समेत अन्य कार्यों के लिए नगर परिषद को निजी हॉल या भवन का सहारा लेना पड़ता है.
इसी समस्या को देखते हुए बोर्ड की ओर से प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद वार्ड 20 में खाली पड़ी सरकारी भूमि पर एक बड़ा हॉल और एक कार्यालय का निर्माण कराया गया है. ईओ सोनू कुमार राय ने बताया कि जरूरत के अनुसार नव निर्मित भवन में भी नगर परिषद के कार्य कराये जाएंगे. निरीक्षण के दौरान प्रधान सहायक वीरचंद कुमार, राजीव रंजन, सुमित कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे.
