Hajipur News : काजीपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड स्थित एकारा के पास रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई. गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर काजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
शुक्रवार को हुई शव की पहचान
शुक्रवार को घटना की जानकारी मिलने पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां मृतक की पहचान करताहां थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव निवासी 69 वर्षीय सुरेंद्र राय के रूप में हुई. पहचान के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया.
रिश्तेदार के घर से लौटने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र राय गुरुवार को अपने रिश्तेदार के यहां अफजलपुर धोबघट्टी गांव आए थे. वहां से घर लौटने के दौरान वह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी ट्रेन की चपेट में आ गए. देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. इसी बीच ट्रेन से कटकर एक बुजुर्ग की मौत की सूचना मिली. सदर अस्पताल पहुंचने पर शव की पहचान सुरेंद्र राय के रूप में हुई.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव
काजीपुर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि गुरुवार को रेलवे ट्रैक के किनारे से एक बुजुर्ग का शव बरामद किया गया था. अब मृतक की पहचान हो चुकी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
