हाजीपुर. ईद, चैती छठ एवं रामनवमी के अवसर पर विधि व्यवस्था कायम रखने के लिए प्रशासनिक तैयारी की कड़ी में सदर अनुमंडल शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता करते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी रामबाबू बैठा ने कहा कि 31 मार्च या एक अप्रैल को ईद, एक से चार अप्रैल तक चैती छठ और छह अप्रैल को रामनवमी का त्योहार मनाया जाना है. इन सभी महत्वपूर्ण पर्वों के अवसर पर शांति और सौहार्द बनाये रखने में सभी लोगों का सहयोग आवश्यक है. बैठक में शहीद-ए-आजम कमेटी, वैशाली के सचिव नसीम अहमद ने बताया कि 31 मार्च या एक अप्रैल को ईद का त्योहार मनाया जायेगा. ईद की नमाज मुख्य रूप से मस्जिद, ईदगाह एवं खुले मैदान में अदा की जाती है. शहर के अक्षयवट राय स्टेडियम में सार्वजनिक नमाज अदा की जाती है. इसके अलावा शहर के कई स्थानों पर नमाज अदा की जाती है. नमाज अदा किये जाने वाले स्थलों और मार्गों की साफ-सफाई कराने की आवश्यकता है. अनिल चंद्र कुशवाहा ने चैती छठ के लिए छठ घाटों पर सफाई तथा लाइट आदि की व्यवस्था करने की आवश्यकता बतायी. वीरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर शहर के सुभाष चौक, संस्कृत महाविद्यालय परिसर से शोभायात्रा निकलेगी. स्थानीय राजेंद्र चौक, गांधी चौक, डाकबंगला रोड से अनवरपुर चौक, यादव चौक, सिनेमा रोड, राजेंद्र चौक, गुदरी बाजार, थाना चौक, मस्जिद चौक, शुक्लाइन मंदिर हेलाबाजार होते हुए रामचौरा मंदिर पहुंच कर शोभायात्रा का समापन होगा. बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने नगर कार्यपालक पदाधिकारी को नमाज अदा किये जाने वाले सभी स्थलों, छठ घाटों तथा रामनवमी पर निकलने वाली शोभायात्रा के मार्गों की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया. एसडीओ एवं एसडीपीओ ने बताया कि रामनवमी पर निकलने वाली शोभायात्रा में डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. साथ ही उत्तेजक गाने बजाने पर भी प्रतिबंध रहेगा. परंपरागत खतरनाक हथियार भी वर्जित रहेंगे. सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिया गया कि इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें. शोभायात्रा के लिए पूर्व के लाइसेंसधारी के नाम से ही लाइसेंस जारी करने तथा पूर्व निर्धारित रूट के अनुसार ही लाइसेंस देने को कहा गया. हिदायत दी गयी कि किसी भी परिस्थिति में नये रूट पर शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी जाये. जिला अग्निशमन पदाधिकारी से पर्याप्त संख्या में फायर टेंडर तैयार रखेंगे और महत्वपूर्ण स्थलों पर जुलूस के साथ तैनात करने का अनुरोध किया गया. वहीं, सिविल सर्जन से अनुरोध किया गया कि महत्वपूर्ण स्थलों एवं शोभायात्रा के साथ मेडिकल टीम की तैनाती करेंगे, ताकि कोई भी अप्रिय घटना होने पर शीघ्र सहायता पहुंचायी जा सके. मौके पर लोगों से अपील की गयी कि किसी भी असामाजिक, शरारती तथा उपद्रवी तत्वों के द्वारा अफवाह फैलायी जाती है, तो प्रशासन को तुरंत इसकी सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई कर विधि-व्यवस्था कायम रखी जा सके. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावे हाजी शमीम आलम, बाबूलाल राय, शिवरतन प्रसाद समेत अन्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
