Hajipur News : हाजीपुर-बछवारा रेलखंड पर देसरी रेलवे ढाला संख्या 37/ए पर आरओबी निर्माण, देसरी स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर शुक्रवार से कृष्णा चौक, देसरी में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू हो गयी. कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित मांगों के समर्थन में अनशन पर बैठे हैं. उनके समर्थन में राजद किसान सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष पुलिस राय, संत योगेंद्र शरण नाथ, समिति सदस्य अरुण साहनी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह समेत दर्जनों लोग शामिल हुए.
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा अनशन
अनशनकारी रंजीत पंडित ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब तक वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे. उन्होंने कहा कि देसरी और आसपास के लाखों लोगों से जुड़ी ये मांगें लंबे समय से लंबित हैं. लोगों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ढाला संख्या 37/ए पर आरओबी का निर्माण, देसरी स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, रेलवे स्टेडियम का सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं का विस्तार जरूरी है.
दोहरीकरण के बाद भी फाटक पर नहीं बना आरओबी
हाजीपुर-बछवारा रेलखंड पर रेलवे लाइन का दोहरीकरण हो चुका है और सड़कों को भी चौड़ा किया गया है, लेकिन देसरी के रेलवे ढाला संख्या 37/ए पर अब तक आरओबी या अंडरपास का निर्माण नहीं हुआ है. इसके कारण रेलवे फाटक पर जाम की समस्या गंभीर बनी हुई है.
रोजाना हजारों लोग जाम में फंसते हैं
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजापाकर, महनार, महुआ और राघोपुर विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, थाना, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन करते हैं. अप और डाउन ट्रेनों के गुजरने के दौरान रेलवे फाटक बार-बार बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है.
आरओबी निर्माण की मांग
रेलवे फाटक के दोनों ओर बड़ी आबादी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि फाटक बंद होने के कारण रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी होती है. लोगों ने रेलवे ढाला संख्या 37/ए पर आरओबी या अंडरपास का निर्माण कराने के साथ देसरी स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की है.
