Hajipur Crime News : हाजीपुर में औद्योगिक थाना क्षेत्र के राजपूत नगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान से सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस के अनुसार, शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत होता है. मृतक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के हासी मलाही निवासी स्व. मोहन राय के 35 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है.
दुर्गंध आने पर हुई घटना की जानकारी
परिजनों ने बताया कि पंकज कुमार 23 जुलाई को काम के सिलसिले में हाजीपुर आए थे. जिस निर्माणाधीन मकान में उनका शव मिला, वहां पिछले कुछ दिनों से निर्माण कार्य बंद था. सोमवार को स्थानीय लोगों ने मकान से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना प्रभारी अरविंद पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तलाशी के दौरान मकान के भीतर से शव बरामद किया.
एसपी और एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा और सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार भी मौके पर पहुंचे. एसपी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए.
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि पुलिस हत्या और आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया गया है.
सीसीटीवी फुटेज और परिजनों से पूछताछ
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. वैशाली पुलिस ने मामले का जल्द उद्भेदन करने का दावा किया है.
