Mehandi Competation Hajipur : स्थानीय जमुनी लाल महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा, कला-कौशल एवं सांस्कृतिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य वीरेंद्र कुमार ने की. प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया तथा आकर्षक मेहंदी डिजाइन बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
मुस्कान कुमारी ने हासिल किया पहला स्थान
प्रतियोगिता में मुस्कान कुमारी ने प्रथम, रीतिका ने द्वितीय और निशा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया. वहीं प्रतियोगिता में शामिल अन्य प्रतिभागियों को मेडल देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया.
रचनात्मक गतिविधियों से बढ़ता है आत्मविश्वास
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. रजनीश कुमार एवं लवण्या निपुर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक क्षमता और प्रतिभा को सामने लाने का अवसर मिलता है.
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर
प्राचार्य वीरेंद्र कुमार ने विजेता एवं सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां बेहद जरूरी हैं. ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है.
