हाजीपुर.
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर वैशाली जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसे लेकर सोमवार को डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी वर्षा सिंह ने चुनाव को लेकर गठित सभी 16 कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों के साथ अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान डीएम ने पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि थोड़ी भी लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने कोषांग को तुरंत एक्टिव करें और निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें. प्रत्येक कोषांग की नियमित बैठक हो तथा उसकी कार्यवाही प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए. इन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी कोषांगों की अलग-अलग समीक्षा बैठक भी समय-समय पर की जाएगी.उन्होंने स्वीप कोषांग को निर्देश दिया कि शीघ्र ही जिला स्वीप प्लान तैयार कर मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों का कैलेंडर बनाकर कार्य प्रारंभ करें. वहीं, कार्मिक कोषांग को आदेश दिया गया कि शेष सभी विभागों से अविलंब कर्मियों की सूची प्राप्त कर लें. साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोई विभाग अपने कर्मियों का डाटा छिपाता है, तो संबंधित कार्यालय प्रधान के खिलाफ निर्वाचन एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जायेगी.
बैठक में यह तय किया गया की सभी कोषांगों का अपना-अपना व्हाट्सएप ग्रुप होगा ताकि त्वरित संचार और कार्यों की निगरानी हो सके. बैठक में अपर समाहर्ता सहित अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
