Seva Sankalp Evam Kayakalp Abhiyan: शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का शुभारंभ किया. इस अवसर पर अभियान की प्रगति के प्रभावी अनुश्रवण एवं मॉनीटरिंग के लिए 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान पोर्टल' का भी शुभारंभ किया गया. जिले से जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त सहित अन्य पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े.
हर ग्राम पंचायत में कम से कम 10 योजनाओं का होगा चयन
अभियान के तहत जिले में सार्वजनिक परिसंपत्तियों का सर्वेक्षण कर उनकी वास्तविक आवश्यकता एवं प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का चयन किया जाएगा. प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्राथमिकता के आधार पर कम से कम 10 योजनाओं का चयन किया जायेगा. इसमें विद्यालयों, स्वास्थ्य उप केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन से संबंधित कार्यों को अनिवार्य रूप से प्राथमिकता देने को कहा गया है.
चयनित योजनाओं का ग्राम सभा से अनुमोदन, आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति तथा पोर्टल पर प्रविष्टि की कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूरी की जाएगी.
विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी होंगे सुदृढ़
अभियान के तहत विद्यालय भवनों एवं वर्ग कक्षों की मरम्मत व रंग-रोगन, शौचालयों की साफ-सफाई, पेयजल एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को क्रियाशील करने का काम किया जाएगा. इसके अलावा स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन, आंगनबाड़ी केंद्रों का अनुरक्षण एवं सौंदर्यीकरण तथा सामुदायिक भवनों का सुदृढ़ीकरण किया जायेगा.
पेयजल परिसंपत्तियों के रख-रखाव, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, सोलर स्ट्रीट लाइट और गली-नाली जैसी जनोपयोगी परिसंपत्तियों के विकास सहित विभिन्न कार्य भी अभियान के तहत किये जायेंगे.
24 सितंबर तक पोर्टल पर दर्ज होंगी योजनाएं
अभियान की निर्धारित समय-सीमा के अनुसार चयनित योजनाओं की कायाकल्प पोर्टल पर प्रविष्टि 24 सितंबर 2026 तक पूरी करनी है. पूर्व से अवस्थित परिसंपत्तियों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मति का कार्य 30 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाना है. वहीं, नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों का निर्माण 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
डीएम की अध्यक्षता वाली समिति करेगी अनुश्रवण
जिला स्तर पर अभियान के कार्यों की सतत समीक्षा एवं अनुश्रवण जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति के माध्यम से किया जाएगा. उप विकास आयुक्त जिला स्तर पर नोडल पदाधिकारी के रूप में अभियान की प्रगति का समन्वय एवं अनुश्रवण करेंगे. कायाकल्प पोर्टल के माध्यम से योजनाओं की प्रगति को ऑनलाइन संधारित किया जायेगा. इससे अभियान के कार्यों का पारदर्शी, जवाबदेह एवं परिणामपरक क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गयी है.
