19-20 सितंबर को स्कूलों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, छात्र-छात्राएं देंगे स्वच्छता का संदेश

हाजीपुर में 19 और 20 सितंबर को विश्व स्वच्छता दिवस के अवसर पर विद्यालयों में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश घर-घर पहुंचाएगा।

Hajipur News : हाजीपुर में विश्व स्वच्छता दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से 19 और 20 सितंबर को जिले के सभी विद्यालयों में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. अभियान का संचालन अर्थ डे नेटवर्क इंडिया और भारत स्काउट एवं गाइड वैशाली के संयुक्त सहयोग से किया जायेगा.

विद्यालय परिसर के साथ सार्वजनिक स्थलों की भी होगी सफाई

अभियान के तहत विद्यालयों में अध्ययनरत स्काउट-गाइड और छात्र-छात्राओं की सहभागिता से विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की जायेगी. इसके साथ ही विद्यालय के पोषक क्षेत्र में आने वाले सार्वजनिक स्थलों की भी सफाई की जायेगी. विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास के क्षेत्र को साफ और प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए प्रेरित किया जायेगा.

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी चलेगा जागरूकता अभियान

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर, खेल मैदान, सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थल और अन्य चिन्हित स्थानों से कचरा हटाया जायेगा. विद्यार्थियों द्वारा लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया जायेगा. इसके माध्यम से स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ समाज और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया जायेगा.

बच्चों को बनाया जायेगा पर्यावरण प्रहरी

भारत स्काउट एवं गाइड वैशाली के जिला संगठन आयुक्त एवं अर्थ डे नेटवर्क इंडिया के बिहार राज्य सलाहकार ऋतुराज ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत और सामाजिक जिम्मेदारी है. विद्यालय बच्चों में अच्छे संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण केंद्र है. इसलिए अभियान में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है.

उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल स्वच्छता के बारे में जानकारी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें स्वयं स्वच्छता गतिविधियों में शामिल कर नेतृत्व का अवसर देना जरूरी है. विद्यार्थी जब अपने विद्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई में स्वयं भाग लेंगे, तो इसका सकारात्मक संदेश उनके परिवार और पूरे समाज तक पहुंचेगा.

अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की अपील

ऋतुराज ने जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, स्काउट-गाइड नोडल शिक्षकों, यूनिट लीडरों और छात्र-छात्राओं से 19 और 20 सितंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन करने की अपील की. उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को अभियान से जोड़ने का आग्रह किया. अभियान का उद्देश्य केवल कचरा साफ करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को व्यवहार का हिस्सा बनाना, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और बच्चों को पर्यावरण प्रहरी के रूप में तैयार करना है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >