वैशाली, सिवान और बक्सर में बाल तस्करी के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान, 2030 तक रोकथाम का रखा लक्ष्य

विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस पर, बाल तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है. इसका लक्ष्य 2030 तक देश भर में बाल तस्करी को रोकना है.

Global Human Trafficking : हाजीपु में विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस के अवसर पर बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान ने वैशाली, सिवान और बक्सर जिले में बाल तस्करी के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाने की घोषणा की है. नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय परामर्श कार्यक्रम 'इंश्योरिंग ए चाइल्ड राइट्स, पोटेंशियल एंड प्रॉस्पेरिटी' के दौरान 250 से अधिक नागरिक समाज संगठनों के नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) ने देशव्यापी 'नेशनल कैंपेन अगेंस्ट चाइल्ड ट्रैफिकिंग' की शुरुआत की. इस अभियान में देश के 782 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान भी इस नेटवर्क का सहयोगी संगठन है.

2030 तक बाल तस्करी रोकने का लक्ष्य

संस्थान के सचिव डॉ. सुधीर कुमार शुक्ला ने बताया कि सरकार, प्रशासन और आम नागरिकों के सहयोग से वर्ष 2030 तक बाल तस्करी की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत तस्करों की पहचान, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा कमजोर परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा.

गरीब परिवारों के बच्चों को बनाते हैं निशाना

डॉ. शुक्ला ने कहा कि देश में प्रतिदिन कई बच्चे मानव तस्करी का शिकार होते हैं और अनेक बच्चों को जबरन मजदूरी में धकेल दिया जाता है. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को नौकरी और बेहतर जीवन का लालच देकर तस्कर उन्हें वेश्यावृत्ति, भिक्षावृत्ति और बंधुआ मजदूरी जैसे अपराधों में झोंक देते हैं. संस्थान का मुख्य उद्देश्य बाल तस्करी की रोकथाम, बच्चों का सुरक्षित बचाव और पीड़ित बच्चों का प्रभावी पुनर्वास सुनिश्चित करना है.

गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत वैशाली जिले के गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. साथ ही कमजोर परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो और वे तस्करी करने वाले गिरोहों के झांसे में न आएं.

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

संस्थान ने आम लोगों से अपील की है कि बाल तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें. लोगों की सतर्कता और सामूहिक सहभागिता से ही बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >