हाजीपुर में हादसा,पानी भरे गड्ढे में समायी तेज रफ्तार कार, सवार चारों को निकाला गया बाहर

हाजीपुर-लालगंज मार्ग पर एक कार पानी भरे गड्ढे में गिर गई, जिसमें चालक सहित चार लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला.

Car fell into a ditch : लालगंज-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर नामीडीह गांव के समीप मंगलवार की दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गयी. हादसे में कार चालक समेत चार लोग घायल हो गये. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए पानी में उतरकर कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया. घायलों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी.

अचानक अनियंत्रित हुई कार

स्थानीय लोगों के अनुसार कार हाजीपुर की ओर से आ रही थी. इसी दौरान नामीडीह के समीप अचानक कार अनियंत्रित हो गयी और सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी. कार के पानी में गिरते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गयी. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गये और पानी में उतरकर चालक समेत चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.

कार निकालने के लिए मंगायी गयी क्रेन

हादसे की सूचना मिलते ही लालगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को पानी से भरे गड्ढे से बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगायी. देर शाम तक पुलिस की मौजूदगी में कार को बाहर निकालने का प्रयास जारी था.

कार देखने के लिए उमड़ी भीड़

पानी से भरे गड्ढे में कार गिरने की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गये. मुख्य मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक भी दुर्घटनाग्रस्त कार को देखने के लिए सड़क पर रुकने लगे. इससे नामीडीह के समीप कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम जैसी स्थिति बन गयी.

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है. हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस घायलों की पहचान और उनके परिजनों की जानकारी जुटाने में भी लगी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुशील कुमार सिंह

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >