Bihar News:( विनय पटेल) हाजीपुर के पटेढ़ी बेलसर थाना क्षेत्र के मौना महिमा गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कालाबाजारी के लिए रखे गए 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
सूचना पर हुई छापेमारी
बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मौना महिमा गांव निवासी सुनील चौधरी द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की.
6 भरे और 9 खाली सिलेंडर बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए, जिनमें 6 भरे हुए सील पैक और 9 खाली सिलेंडर शामिल हैं. इसके अलावा 13 उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन कार्ड भी जब्त किए गए. जांच में यह भी सामने आया कि घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाले गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था.
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह मामला आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य नियमों के उल्लंघन से जुड़ा है. आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा-7 सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
डीएम ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
इस मामले पर डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ जिले में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध उपयोग की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके.
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह धंधा कब से संचालित किया जा रहा था. अधिकारियों का मानना है कि इससे आम उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता में परेशानी हो रही थी.
