Kamlesh Kumar EOU Raid : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक (तकनीकी) कमलेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई की है. आर्थिक अपराध इकाई थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में EOU की टीमों ने मंगलवार को उनके पैतृक आवास समेत चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.
जंदाहा स्थित पैतृक आवास पर घंटों चली छापेमारी
जंदाहा प्रखंड के सर्वोदय मैदान स्थित कमलेश कुमार के पैतृक आवास पर मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे EOU की टीम पहुंची. यहां करीब साढ़े आठ घंटे तक कार्रवाई चली और शाम करीब 4:30 बजे टीम वापस गयी. इस दौरान टीम ने घर में मौजूद लोगों से लंबी पूछताछ की और विभिन्न दस्तावेजों की बारीकी से जांच की. कार्रवाई के दौरान स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही.
बरामदगी के संबंध में टीम ने नहीं दी जानकारी
छापेमारी के दौरान EOU की टीम ने कई दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की. हालांकि, बार-बार पूछे जाने के बावजूद टीम के अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान हुई बरामदगी अथवा कार्रवाई से संबंधित कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया.
3.12 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का मामला
आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 24/26 के तहत दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कमलेश कुमार के खिलाफ पहले गोपनीय सत्यापन कराया गया था. प्राथमिकी में जांच के दौरान उनकी ज्ञात आय के वैध स्रोतों की तुलना में 3,12,51,000 रुपये की कथित अतिरिक्त संपत्ति का उल्लेख किया गया है. प्राथमिकी के अनुसार यह राशि ज्ञात आय के वैध स्रोतों से करीब 103.30 प्रतिशत अधिक बतायी गयी है.
चार विशेष टीमों ने एक साथ की कार्रवाई
प्राथमिकी में प्रथम दृष्टया पर्याप्त साक्ष्य मिलने का उल्लेख करते हुए EOU की ओर से चार अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया. इन टीमों ने कमलेश कुमार से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया. मामले में आगे की जांच जारी है.
