एनएच-22 पर भगवानपुर में सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराया दूसरा ट्रक, एक चालक की मौत

हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर खड़े ट्रक से टकराने के कारण एक ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Hajipur Road Accident : हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर एनएच-22 स्थित भगवानपुर पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई. सिलीगुड़ी से पटना अनानास लेकर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गया. हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया.

सिलीगुड़ी से पटना जा रहे थे चालक

मृतक की पहचान गोरौल थाना क्षेत्र के चेहराकला गांव निवासी महेश्वर महतो के 40 वर्षीय पुत्र पप्पू महतो के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार पप्पू महतो पेशे से ट्रक चालक थे और अपनी गाड़ी से सिलीगुड़ी से अनानास लेकर पटना जा रहे थे. मंगलवार रात करीब एक बजे भगवानपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के समीप उनका ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पप्पू महतो चार भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े थे तथा परिवार की मुख्य जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं. हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

पुलिस जांच में जुटी, फरार ट्रक की तलाश

भगवानपुर थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार सत्यार्थी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है. जिस खड़े ट्रक से टक्कर हुई, उसका चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. मामले की गहन जांच जारी है.

इसे भी पढ़ें : महुआ पुलिस ने देशी शराब लदी पिकअप वैन जब्त की, भाग निकला चालक और धंधेबाज


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >