वैशाली: बाबा दरवेश्वर नाथ मंदिर में प्रथम सोमवारी की तैयारी पूरी, लाखों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक की उम्मीद

श्रावण मास की पहली सोमवारी पर बाबा दरवेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए विशेष तैयारियां पूरी, मंदिर परिसर में भव्य मेले का आयोजन, लाखों श्रद्धालु होंगे शामिल।

Hajipur News: श्रावण मास की पहली सोमवारी पर जलाभिषेक को लेकर पातेपुर प्रखंड के डभैच्छ स्थित प्राचीन बाबा दरवेश्वर नाथ मंदिर पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है. मंदिर परिसर में भक्तों के स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं. श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर कमेटी और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं.

लाखों श्रद्धालु करते हैं जलाभिषेक

बाबा दरवेश्वर नाथ मंदिर की ख्याति दूर-दूर तक फैली हुई है. प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय सहित कई जिलों से लाखों कांवरिया यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं. इसके अलावा हजारों श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर विशेष पूजा-अर्चना करने भी आते हैं.

मेले में सजीं दुकानें, श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता और महिला सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है. श्रावण मास के दौरान एक माह तक चलने वाले मेले में पूजा सामग्री, खान-पान और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दर्जनों दुकानें सज चुकी हैं.

200 से अधिक वॉलेंटियर संभालेंगे व्यवस्था

मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य विनय कुमार चौधरी, पूर्व मुखिया देवेंद्र राय, नागेंद्र राय और चुचु मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए 200 से अधिक वॉलेंटियर तैनात किए गए हैं. इसके अलावा बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का भी प्रबंध किया गया है.

बोल बम के जयघोष से गूंजेगा इलाका

मंदिर के पुजारी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष हजारों कांवरिया पहलेजा घाट और अन्य गंगा घाटों से गंगाजल लाकर "बोल बम" के जयघोष के साथ बाबा दरवेश्वर नाथ का जलाभिषेक करते हैं. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है.

प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा

तिसीऔता थाना पुलिस की ओर से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. मंदिर प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है.

प्रमुख बिंदु

  • प्रथम सोमवारी को लेकर बाबा दरवेश्वर नाथ मंदिर में व्यापक तैयारी.
  • लाखों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक की संभावना.
  • 200 से अधिक वॉलेंटियर व्यवस्था संभालेंगे.
  • सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा और शौचालय की विशेष व्यवस्था.
  • एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले में सजीं दुकानें.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek shaswat

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >